Tej Pratap Yadav: बिहार की राजनीति में एक बड़ा मोड़ आ गया है। लालू परिवार के अंदर चल रही अनबन अब खुलकर सामने आ गई है और Tej Pratap Yadav ने अपने भाई तेजस्वी यादव से अलग होकर एक नई पार्टी बना ली है। उनकी नई पार्टी का नाम ‘जनशक्ति जनता दल’ है। पार्टी बनाने के साथ ही तेज प्रताप ने अपने 21 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट भी जारी कर दी है, जिससे बिहार के चुनावी समीकरण में हलचल मच गई है। सबसे बड़ी खबर यह है कि Tej Pratap Yadav खुद वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। यह वही सीट है जहां से उन्होंने 2015 में चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी।
क्या टूट की कगार पर है लालू का परिवार?
परिवार के बीच मतभेद की खबरें काफी समय से चल रही थीं। यह मतभेद इतना बढ़ गया कि दोनों भाइयों के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर अनफॉलो करने तक की नौबत आ गई। जब मीडिया ने तेज प्रताप से इस बारे में सवाल किया तो उन्होंने इसे टाल दिया था, लेकिन उनके तेवर साफ बता रहे थे कि कुछ भी ठीक नहीं है।
वह लगातार अपने विधानसभा क्षेत्रों में जाकर तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना उन पर निशाना साध रहे थे। उनके कई वीडियो भी वायरल हुए जिसमें वह लोगों से कह रहे थे कि तुम्हारा विधायक तुम्हारी सुध लेने तक नहीं आता। शुरुआत में ऐसा लगा कि वह तेजस्वी को केवल सावधान कर रहे हैं, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने खुलकर तेजस्वी को ही गलत ठहराना शुरू कर दिया।

क्या महुआ सीट ही है लालू परिवार में मचे घमासान की असली जड़?
तेज प्रताप के लिए महुआ सीट हमेशा से खास रही है। वह 2015 से 2020 तक आरजेडी के टिकट पर यहां से विधायक रह चुके हैं। हालांकि, 2020 के विधानसभा चुनाव में लालू यादव ने उनकी सीट बदलकर उन्हें समस्तीपुर के हसनपुर से चुनाव लड़वाया था, और तेज प्रताप वहां से भी जीतने में कामयाब रहे थे। लेकिन 2025 में जब लालू यादव ने उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया, तब से वह लगातार अपने परिवार और तेजस्वी के फैसलों का विरोध कर रहे हैं। लालू परिवार में यह टूट सिर्फ भाइयों तक ही सीमित नहीं है, हाल ही में उनकी बहन रोहिणी आचार्य ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
तेज प्रताप के 21 उम्मीदवार RJD की बढ़ाएंगे टेंशन
‘जनशक्ति जनता दल’ की तरफ से जो 21 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की गई है, उसमें कई अहम नाम शामिल हैं। Tej Pratap Yadav के अलावा सीतामढ़ी जिले की बेलसंड सीट से विकास कुमार कवि को टिकट दिया गया है। इस लिस्ट में तीन महिला उम्मीदवारों को भी जगह मिली है। पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र से मीनू कुमारी, छपरा जिले के बनियापुर से पुष्पा कुमारी और समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर से सुरभि यादव को उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके अलावा पटना के मनेर से शंकर यादव, बक्सर के डुमरांव से दिनेश कुमार सूर, मधेपुरा से संजय यादव और मोतिहारी के नरकटियागंज से तौरीफ रहमान को टिकट मिला है। बिहार में 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में वोटिंग होनी है। तेज प्रताप की नई पार्टी के आने से मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।






