Tu Meri Zindagi Hai, Kartik Aryan: कार्तिक आर्यन और अनुराग बासु की जोड़ी अब एक नए रोमांटिक प्रोजेक्ट में साथ नजर आने वाली है। पहले खबरें थीं कि ये फिल्म आशिकी फ्रेंचाइज़ की तीसरी किस्त होगी, लेकिन अब कहानी, टाइटल और लुक — तीनों में बड़ा बदलाव हो गया है। फिल्म का नया नाम रखा गया है तू मेरी जिंदगी है और इसे एक क्लासिक रोमांटिक ड्रामा के तौर पर तैयार किया जा रहा है।
Tu Meri Zindagi Hai के फिर से क्यों शूट होंगे सीन?
शुरुआत में फिल्म की रिलीज डेट तय हो चुकी थी, लेकिन सई यारा की एंट्री के बाद शूटिंग शेड्यूल को आगे बढ़ाना पड़ा। अब ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनुराग बासु इस फिल्म के एक बड़े हिस्से को दोबारा शूट कर रहे हैं। वजह सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। दरअसल, पिछले कुछ महीनों से इंस्टाग्राम पर कार्तिक आर्यन के कई वीडियो वायरल हो रहे थे, जिनमें वो लंबे बालों और दाढ़ी के साथ दिखे। कभी गिटार के साथ, तो कभी शराब की बोतल हाथ में लिए।

इन वीडियो को देखकर फैन्स ने अंदाजा लगा लिया कि यह सब तू मेरी जिंदगी है फिल्म का हिस्सा है। सोशल मीडिया पर क्लिप्स फैलने के बाद ऐसा लगने लगा मानो आधी फिल्म तो लोगों ने ऑनलाइन ही देख ली हो। इसी कारण अनुराग बासु ने फैसला लिया कि वो इन सीन को पूरी तरह से री-शूट करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की लगभग दस दिन की शूटिंग स्क्रैप कर दी गई है।
‘आशिकी 3’ टाइटल विवाद क्या था और अब किस नाम से रिलीज होगी कार्तिक आर्यन की फिल्म?
प्रोडक्शन टीम का कहना है कि कार्तिक के लंबे बाल और दाढ़ी वाले लुक में वैसी रोमांटिक फीलिंग नहीं आ रही थी जैसी मेकर्स चाहते थे। इस वजह से अनुराग ने थोड़ा-बहुत एडजस्टमेंट करने के बजाय पूरा सीक्वेंस फिर से शूट करने का फैसला लिया। अब फिल्म में कार्तिक का एकदम नया लुक देखने को मिलेगा, जिसमें उनके किरदार के अलग-अलग शेड्स भी नजर आएंगे।
पहले इस फिल्म को आशिकी 3 नाम से लॉन्च किया जाना था। आशिकी और आशिकी 2 दोनों फिल्मों का प्रोडक्शन मुकेश भट्ट ने किया था, लेकिन मार्च 2024 में भूषण कुमार ने ऐलान किया कि वो इस बार अकेले ही फिल्म प्रोड्यूस करेंगे। यहीं से टाइटल को लेकर विवाद शुरू हुआ। सितंबर 2024 में मुकेश भट्ट इस मामले को दिल्ली हाई कोर्ट तक ले गए, और कोर्ट ने फैसला उनके पक्ष में सुनाया।
इसके बाद भूषण कुमार को आशिकी 3 टाइटल का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं मिली, इसलिए फिल्म का नाम बदलकर तू मेरी जिंदगी है रखा गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म का टाइटल मशहूर आशिकी गाने से प्रेरित है। फिल्म में कार्तिक आर्यन के साथ साउथ एक्ट्रेस श्रीलीला नजर आएंगी, और ये मूवी 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है।






