Aam Aadmi Party: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान हो चुका है। राज्य में इस बार दो चरणों में वोटिंग होगी — पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को। वहीं नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। इस बीच Aam Aadmi Party (AAP) ने विधानसभा चुनाव के लिए अपने पहले 11 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।
बिहार चुनाव: AAP ने 11 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, देखें किसे कहां से मिला टिकट?
पार्टी के प्रदेश प्रभारी अजीश यादव और अध्यक्ष राकेश यादव ने सोमवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस सूची का ऐलान किया। पार्टी ने बेगूसराय, कुशेश्वर स्थान, तरैया, कस्बा, बेनीपट्टी, फुलवारी शरीफ, बांकीपुर, किशनगंज सदर, परिहार, गोविंदगंज और बक्सर सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं।
AAP ने बेगूसराय से मीरा सिंह, कुशेश्वर स्थान से योगी चौपाल, तरैया से अमित कुमार सिंह, कस्बा से भानु भारती, बेनीपट्टी से शुद्धा यादव, फुलवारी शरीफ से अरुण कुमार रजत, बांकीपुर से डॉ. पंकज कुमार, किशनगंज से अशरफ आलम, परिहार से अखिलेश नारायण ठाकुर, गोविंदगंज से अशोक कुमार सिंह और बक्सर से धर्मराज सिंह को उम्मीदवार बनाया है।

किशनगंज सीट के उम्मीदवार अशरफ आलम लंबे समय से पार्टी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर खरे उतरेंगे और पूरी निष्ठा से चुनाव लड़ेंगे। वहीं AAP के जिला अध्यक्ष शकील आलम ने कहा कि पार्टी ने सही उम्मीदवार को टिकट दिया है और इस बार हर सीट पर जीत दर्ज करने का लक्ष्य रखा गया है।
क्या AAP बिहार में NDA और इंडिया गठबंधन का खेल बिगाड़ देगी?
AAP की इस पहली सूची को बिहार की राजनीति में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। जिन सीटों पर पार्टी ने उम्मीदवार उतारे हैं, वे चुनावी दृष्टि से बेहद अहम मानी जाती हैं। पार्टी का कहना है कि वो बिहार की सभी 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। यह ऐलान ऐसे समय आया है जब एनडीए और इंडिया गठबंधन दोनों ही सीट शेयरिंग को लेकर अब तक निर्णय नहीं ले पाए हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि AAP की यह चाल दोनों प्रमुख गठबंधनों पर दबाव बढ़ा सकती है। पार्टी बिहार में दिल्ली और पंजाब जैसे “Kejriwal Model” को लागू करने की तैयारी में है। इसका फोकस शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं पर रहेगा।
इसके साथ ही पलायन, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दे भी चुनावी प्रचार का मुख्य केंद्र होंगे। पार्टी के नेताओं का कहना है कि बिहार में बदलाव की लहर है और जनता इस बार नई राजनीति को मौका देना चाहती है। आने वाले दिनों में AAP अपने बाकी उम्मीदवारों की सूचियां भी जारी करेगी।






